OTHERS

डुमरांव में सड़क पर हुई ‘धान की रोपनी’, बदहाल स्टेशन रोड को लेकर विधायक के खिलाफ युवाओं का अनोखा प्रदर्शन

कीचड़ से लबालब सड़क पर उतरे युवा, धान रोपकर जताया विरोध; बोले- "सिर्फ वादे नहीं, अब चाहिए सड़क"

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के डुमरांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद डुमरांव के स्टेशन रोड की जर्जर स्थिति को लेकर शुक्रवार को स्थानीय युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने अनोखे अंदाज में विरोध-प्रदर्शन किया। सड़क पर जमा कीचड़ और लेव (दलदली मिट्टी) को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने खेत में धान की रोपनी की तर्ज पर सड़क पर ही धान के पौधे लगाकर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

 

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि वर्षों से स्टेशन रोड की हालत बद से बदतर होती जा रही है, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका आरोप था कि खराब सड़क के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाएं हो रही हैं, गाड़ियां पलट रही हैं और राहगीर घायल हो रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।  प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सड़क की स्थिति किसी खेत से कम नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

 

इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क पर धान की रोपनी कर युवाओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन स्थल पर “विधायक मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए गए। प्रदर्शन में छात्र नेता मनीष यादव, बीडीसी नंदन हरेंद्र यादव, जीतू यादव, बब्लू यादव, नागेंद्र यादव, कविंद्र यादव, देवेंद्र सिंह, मुंगाव मुखिया इन्दल सिंह, सुनील सिंह, जितेंद्र यादव, सोनू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजद नेता मंटू यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने मांग की कि स्टेशन रोड का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button