कांग्रेस ने बक्सर पूर्वी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, 15 जून तक अल्टीमेटम
आरओबी निर्माण पूरा होने तक रेलवे फाटक खोलने की मांग, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों की परेशानी का हवाला देते हुए जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी ने शुक्रवार को पूर्वी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करते हुए जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में शहर के ज्योति प्रकाश चौक से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। सैकड़ों महिला-पुरुष समर्थकों की मौजूदगी में निकला यह मार्च कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसभा में बदल गया, जहां आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि जब तक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक आम लोगों को राहत देने के लिए पूर्वी रेलवे गुमटी को खोलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि फाटक बंद रहने से शहरवासियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि गर्भवती एवं प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे लोगों के जीवन पर संकट पैदा हो सकता है। पंकज उपाध्याय ने कहा कि जल्द ही विद्यालय खुलने वाले हैं और हजारों विद्यार्थियों को लंबा चक्कर लगाकर स्कूल जाना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। वहीं किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों के दैनिक आवागमन और रोजगार पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी दिनों में मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों का सीजन शुरू होने वाला है, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ जाएगा। वर्तमान में बक्सर शहर को जोड़ने वाला कोई सुगम और व्यवहारिक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी आरओबी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं चाहती। उनका कहना था कि यदि निर्माण कार्य में अतिरिक्त समय लगता है तो भी वह स्वीकार्य है, लेकिन जब तक पुल पूरी तरह सुरक्षित होकर चालू नहीं हो जाता, तब तक जनता की सुविधा के लिए रेलवे गुमटी को खोला जाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इटाढ़ी गुमटी को जल्द से जल्द खोलने की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 जून तक गुमटी नहीं खोली गई तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इस मौके पर हरिशंकर त्रिवेदी, कामेश्वर पांडेय, संजय पांडेय, रोहित उपाध्याय समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





