चौसा में अरंगी ने जीता जय हनुमान क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब, डॉ. मनोज यादव बोले- खेल से बनता है मजबूत व्यक्तित्व
ईसापुर महावीर स्थान पर आयोजित फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की अरंगी टीम ने बिहार के खरगपुरा को 26 रन से हराया, विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
चौसा प्रखंड अंतर्गत जलीलपुर पंचायत के ईसापुर गांव स्थित महावीर स्थान पर जय हनुमान क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जिला पार्षद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया।
फाइनल मुकाबला बिहार के खरगपुरा और उत्तर प्रदेश के अरंगी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अरंगी की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में 100 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में खरगपुरा की टीम निर्धारित ओवरों में 74 रन ही बना सकी। इस तरह अरंगी ने 26 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
खेल से होता है सर्वांगीण विकास : डॉ. मनोज यादव
मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का सशक्त साधन है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक सोच विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशा, सामाजिक बुराइयों और गलत गतिविधियों से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है।
गांव-गांव में विकसित हों खेल मैदान
डॉ. यादव ने सरकार और समाज से अपील करते हुए कहा कि गांव-गांव में खेल मैदानों का विकास होना चाहिए ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत और हार दोनों को स्वीकार करना सिखाता है तथा जीवन में संघर्ष कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपने क्षेत्र, जिला तथा राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
आयोजकों की सराहना
डॉ. यादव ने जय हनुमान क्रिकेट क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और समाज में भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।
बड़ी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमी
इस अवसर पर आयोजनकर्ता चंदन यादव, विवेक यादव, मनीष कुमार, मोहम्मद सुहैल (द ए आर सी स्कूल), डेहरी के मुखिया कल्लू अंसारी, नगर पंचायत चौसा के वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, पलिया पंचायत के बीडीसी लड्डू यादव, होमगार्ड के सचिव आनंद पहलवान, अधिवक्ता विनोद यादव, प्रधानाचार्य उदय सर, अंपायर अजीत जी एवं अजय जी, कमेंटेटर जावेद, दाऊ बाबा, अभिषेक जी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





