समहुता में जिला स्तरीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम बनी विजेता
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश और विधायक संतोष निराला ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, बड़ी संख्या में पहुंचे क्रिकेट प्रेमी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
समहुता। सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब, समहुता के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन शुक्रवार, 5 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। खेल प्रेमियों से खचाखच भरे मैदान में बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश रात करीब 9 बजे मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ राजपुर विधायक संतोष निराला भी उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और युवाओं की प्रतिभा की सराहना की। मैच में बिहार की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 72 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
उत्तर प्रदेश की ओर से अनिल लेफ्टी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 30 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन की दर्शकों ने जमकर सराहना की। नाइट क्रिकेट मैच का रोमांच देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मैदान में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा। इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति में रितेश, सोनू, सतेंद्र, अजीत, पंकज, महेश, अरुण, अनिल, अभिनव, धनु मौर्य, अंकित, अंकु, अंशु, हिमांशु, अजय, सत्यम एवं राकेश सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब, समहुता की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।





