CRIME

बक्सर गोला बाजार किराना दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी दुर्घटना टली

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम गोला बाजार में मंगलवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला बाजार स्थित भोलाराम छोटू लाल किराना दुकान में देर शाम अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही दुकान से धुएं का गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिसे देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग दुकान में रखे अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

 

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दिया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो गोला बाजार जैसे घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। आग लगने के कारण बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम पूरी तरह आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटी हुई थी। प्रशासन द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button