CRIME

कुंडी में लटका मिला युवक का शव, गांव में मचा कोहराम

अर्द्धनिर्मित मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच; कर्ज और तनाव की आशंका

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव में गुरुवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक अर्द्धनिर्मित मकान की कुंडी में एक युवक का शव लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मठिला गांव निवासी स्व. प्रेम शर्मा के पुत्र अजीत शर्मा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अजीत अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। वह गांव में चिराई मशीन चलाकर अपने परिवार, विशेषकर वृद्ध मां, का भरण-पोषण करता था।

 

अर्द्धनिर्मित मकान में मिला शव, इलाके में फैली दहशत
स्थानीय जानकारी के अनुसार, पड़ोसी अजय तांतो के अर्द्धनिर्मित मकान में कुंडी से लटका शव देखे जाने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही कोरान सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

 

कर्ज और तनाव की आशंका, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने चिराई मशीन संचालन के लिए कई जगहों से कर्ज लिया था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। ग्रामीणों और पुलिस के बीच यह भी चर्चा है कि आर्थिक दबाव के कारण युवक ने यह कदम उठाया हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

परिवार में मातम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वृद्ध मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button