OTHERS

नावानगर में दो किराना दुकानों में चोरी से हड़कंप, 30 हजार का सामान ले उड़े चोर

व्यापारियों ने किया सड़क जाम, 10 दिन में खुलासे की चेतावनी; पुलिस जांच में जुटी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के नावानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य बाजार में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए दो किराना दुकानों को निशाना बना लिया। चोरों ने छत के सहारे दुकान में प्रवेश कर लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को आक्रोशित दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और डुमरांव–बिक्रमगंज पथ पर नावानगर बाजार को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही नावानगर के प्रभारी थानाध्यक्ष मंटू कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।

 

छत तोड़कर दो दुकानों में घुसे चोर
थाना प्रभारी के अनुसार, चोरों ने छत पर लगे पत्थर को हटाकर पहले छट्ठू चौरसिया और फिर शमशेर आलम की किराना दुकानों में बारी-बारी से प्रवेश किया। दोनों दुकानों से कुल मिलाकर लगभग 30 हजार रुपये का सामान चोरी किया गया है। शमशेर आलम की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के बाद एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

व्यापारियों का अल्टीमेटम—10 दिन में खुलासा नहीं तो फिर आंदोलन
घटना से नाराज व्यापारियों ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन नहीं किया गया तो वे फिर से सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। प्रभारी थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस टीम लगातार सक्रिय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चोरी की घटना का जल्द ही उद्भेदन कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button