CBSE 12वीं रिजल्ट में फाउंडेशन स्कूल का शानदार प्रदर्शन, अनुप्रिया बनी टॉपर
97% अंक के साथ अनुप्रिया ने हासिल किया पहला स्थान, 98% छात्र हुए सफल; कई विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में बनाए रिकॉर्ड


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित बारहवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहद सराहनीय रहा, जिससे पूरे स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय की छात्रा अनुप्रिया ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय से कुल 168 विद्यार्थी बारहवीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 98 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित हुए। उन्होंने बताया कि 20 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 40 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया। विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो पेंटिंग विषय में श्लोक तिवारी, एकता कुमारी, अनुप्रिया विजय सिंह, अनुप्रिया ओझा और राखी कुमारी ने शत-प्रतिशत 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। अंग्रेजी विषय में श्रेया सिंह ने 98 अंक प्राप्त किए। अकाउंटेंसी में अनुप्रिया ओझा को 97 अंक तथा बिजनेस स्टडीज़ में 98 अंक मिले। इकोनॉमिक्स में अस्मित ने 98 अंक अर्जित किए।
विज्ञान संकाय में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भौतिकी में सौरभ को 93 अंक, रसायन विज्ञान में युवराज को 95 अंक तथा जीवविज्ञान और शारीरिक शिक्षा में सौम्या को 94-94 अंक प्राप्त हुए। वहीं गणित विषय में सर्वाधिक 95 अंक हासिल किए गए। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की जमकर सराहना की। प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने बताया कि विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। उन्होंने आगामी 17 मई को आयोजित होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा के लिए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वीडियो देखें :





