CBSE 12वीं रिजल्ट में डीएवी बक्सर का जलवा, 100% परिणाम से विद्यालय का बढ़ा कीर्तिमान
रोहित कुमार बने स्कूल टॉपर, सभी 45 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में पाई सफलता; विद्यालय में जश्न का माहौल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा बुधवार को घोषित बारहवीं परीक्षा परिणाम में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जिसने एक बार फिर विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को स्थापित किया है।
विद्यालय के सभी 45 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का वातावरण बना रहा। इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ। विद्यालय के टॉपर रोहित कुमार ने 94.8 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंजू भारती ने 94.4 प्रतिशत, त्रिपर्णा जाना ने 94.2 प्रतिशत, शिप्रा कुमारी सिंह ने 93 प्रतिशत, दिव्या सिंह ने 92 प्रतिशत तथा शौर्या सिन्हा ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। रिजल्ट घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की, जबकि अभिभावकों ने भी विद्यालय परिवार और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने पूरे बक्सर जिले को गौरवान्वित किया है।





