फ़ाउंडेशन जूनियर स्कूल में रोटरी क्लब का सराहनीय पहल
पौधरोपण, हेल्थ अवेयरनेस कैंप और CPR प्रशिक्षण से बच्चों व अभिभावकों को किया जागरूक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सामाजिक सरोकार और जनजागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए फ़ाउंडेशन जूनियर स्कूल में रोटरी क्लब बक्सर द्वारा पौधरोपण एवं स्कूल हेल्थ अवेयरनेस कैंप का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मनीष पांडेय, सचिव साहिल, रोटरैक्ट सदस्य राहुल, मनीष तथा विद्यालय के प्राचार्य कुमार कौशलेंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों को बताया गया कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया और पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही आयोजित हेल्थ अवेयरनेस कैंप में बच्चों एवं अभिभावकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने नियमित व्यायाम, साफ-सफाई, पौष्टिक आहार और दैनिक स्वास्थ्य आदतों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि अभिभावकों को CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में किसी की जान बचाने के लिए आवश्यक प्राथमिक जानकारी प्रदान की गई। अभिभावकों ने इसे बेहद उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। मौके पर गीता, बबिता, अंजलि, श्रेया सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। अंत में विद्यालय परिवार एवं रोटरी क्लब बक्सर के सदस्यों ने सभी अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया गया।





