मां के सम्मान में सजा किड्ज़ी प्री स्कूल बक्सर, नन्हे बच्चों की प्रस्तुति ने मोह लिया दिल
“आई लव मॉम” से गूंजा परिसर, मदर-चाइल्ड डांस और रंगारंग कार्यक्रमों ने बनाया समारोह को यादगार; माताओं और बच्चों के अनोखे रिश्ते का दिखा भावनात्मक संगम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के प्रतिष्ठित एवं चर्चित शिक्षण संस्थानों में शुमार किड्ज़ी प्री स्कूल एक बार फिर अपनी रचनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर चर्चा का विषय बन गया। विद्यालय परिसर में मातृ दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और पारिवारिक भावनाओं के साथ मनाया गया, जहां बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी माताओं, अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। पूरा परिसर प्रेम, सम्मान और अपनत्व के भाव से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार द्वारा माताओं एवं दादियों-नानियों के भव्य स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर नन्हे बच्चों ने बेहद भावपूर्ण अंदाज में “I Love Mom” स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया। इसके बाद बच्चों द्वारा प्रस्तुत “तू कितनी अच्छी है” गीत पर आकर्षक नृत्य ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों की मासूम अदाएं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति लगातार तालियों की गड़गड़ाहट बटोरती रही। समारोह के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। “52 गज का दामन”, “तेरी बातों में उलझा जिया” एवं शरारत गीतों पर हुए नृत्य कार्यक्रम ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। वहीं बच्चों द्वारा माताओं को समर्पित कविताएं एवं राइम्स ने कार्यक्रम में भावनात्मक रंग घोल दिया।
कार्यक्रम को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विद्यालय द्वारा माताओं के लिए विशेष गेम्स और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। शेफ गेम, आईज़ गेम और इमोजी गेम में माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर हंसी, खुशी और उत्साह से गूंज उठा। समारोह का सबसे आकर्षक और भावुक पल “मदर एंड चाइल्ड डांस” रहा। जब माताएं अपने बच्चों के साथ मंच पर पहुंचीं तो पूरा वातावरण तालियों से गूंज उठा। मां और बच्चे के बीच का प्रेम, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव हर प्रस्तुति में साफ झलक रहा था। उपस्थित अभिभावकों ने इसे बेहद यादगार और अनूठा आयोजन बताया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि किड्ज़ी प्री स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का भी माध्यम बन चुका है। यही वजह है कि आज किड्ज़ी बक्सर में अभिभावकों की पहली पसंद और एक भरोसेमंद ब्रांड के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
विद्यालय प्रबंधक राज कमल ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रधानाध्यापिका आरती कुमारी, एकेडमिक हेड सुषमा तिवारी, शिक्षिकाओं ऋद्धि, रिंकू, पूजा, दीपांशी, स्मृति, मानसी तथा रामप्रसाद सिंह, रोहित एवं समस्त स्टाफ सदस्यों की सराहना की। उन्होंने सभी माताओं एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में अभिभावकों और विद्यालय की साझेदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुआ। समारोह के बाद भी अभिभावकों के बीच किड्ज़ी प्री स्कूल की व्यवस्थाओं, बच्चों के आत्मविश्वास और आयोजन की भव्यता की चर्चा होती रही।





