मानवता शर्मसार: सड़क हादसे में तड़पती रहीं युवतियां, लोग बनाते रहे वीडियो; रोटी बैंक अध्यक्ष की पहल से बची कई जिंदगियां
बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, एक युवती की मौत, कई घायल


न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर हुकहां गांव के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटा। हादसे में ऑटो सवार कई यात्री घायल हो गए, जिनमें दो युवतियों की हालत गंभीर बताई गई। इलाज के दौरान एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
सईसड़ जा रहा था ऑटो, सभी यात्री थे एक ही गांव के
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो बक्सर से सईसड़ गांव की ओर जा रहा था। ऑटो में सवार अधिकांश यात्री 67 गांव के निवासी थे। इसी दौरान हुकहां के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो गड्ढे में जा गिरा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घायलों की मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर यह रही कि अधिकांश लोग घायल यात्रियों की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे। सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ी दो युवतियां काफी देर तक तड़पती रहीं, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया।
रोटी बैंक अध्यक्ष रासबिहारी ओझा बने फरिश्ता
इसी दौरान रोटी बैंक के अध्यक्ष रासबिहारी ओझा अपनी पत्नी के साथ गांव से लौट रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी दोनों युवतियों को देखा और तत्काल लोगों से मदद की अपील की, लेकिन जब कोई आगे नहीं आया तो उन्होंने स्वयं पहल की। एक गुजरते ऑटो को रुकवाकर कुछ परीक्षार्थियों की मदद से दोनों घायलों को ऑटो में बैठाया और अपनी पत्नी के साथ सदर अस्पताल पहुंचाया। इस नेक कार्य में परीक्षा देकर लौट रहे एक युवक ने भी उनका सहयोग किया।
इलाज के दौरान एक युवती की मौत, दूसरी रेफर
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिमा कुमारी (21 वर्ष), पिता— बजरंगी पाठक, निवासी सईसड़, थाना दिनारा की मौत हो गई। वहीं दूसरी गंभीर रूप से घायल जया कुमारी, पिता— प्रमोद साह, निवासी सईसड़, थाना दिनारा, जिला रोहतास को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल अन्य लोगों में मीना देवी (55 वर्ष), पति— कन्हैया पाठक (हाथ में चोट), कन्हैया पाठक (60 वर्ष) (सिर में गंभीर चोट), सोनम कुमारी (14 वर्ष), पिता— गुडू राम (हाथ में चोट), गुडू राम (36 वर्ष), पिता— नत्था राम (सिर में चोट), शिवानी कुमारी (10 वर्ष), पिता— गुडू राम (सिर में चोट) इन सभी का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पिकअप चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की इटाढ़ी गुमटी चौकी के प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अन्य घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे ने खड़े किए कई सवाल
यह हादसा सिर्फ सड़क सुरक्षा की विफलता नहीं, बल्कि समाज की संवेदनहीनता को भी उजागर करता है। जहां एक ओर लोग मोबाइल में वीडियो कैद करने में व्यस्त रहे, वहीं रासबिहारी ओझा जैसे कुछ लोग अब भी इंसानियत की मिसाल बने हुए हैं। जरूरत है कि समाज ऐसे हादसों में तमाशबीन बनने के बजाय मददगार बने।





