बिजली विभाग के ‘बाहुबली बाबुओं’ पर SC/ST कोर्ट का शिकंजा
दलित महिला से मारपीट और गाली-गलौज मामले में जेई समेत कई अधिकारियों पर कोर्ट ने लिया संज्ञान, ब्रह्मपुर से लेकर बक्सर तक मचा हड़कंप


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के ब्रह्मपुर बिजली विभाग के विवादित अधिकारियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विभाग के कुछ अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोप अब कोर्ट तक पहुंच चुके हैं और इस बार मामला अनुसूचित जाति की महिला के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और दुर्व्यवहार से जुड़ा है।
जिला एवं एडिशनल सेशन जज-1 सह विशेष एससी/एसटी कोर्ट, बक्सर ने एससी/एसटी थाना कांड संख्या 23/2023 में ब्रह्मपुर बिजली विभाग के जेई समेत कई पदाधिकारियों के खिलाफ संज्ञान लेते हुए कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। कोर्ट द्वारा जिन लोगों के खिलाफ संज्ञान लिया गया है उनमें ब्रह्मपुर बिजली विभाग के जेई अमित राय, विभोर तिवारी, ऋतुराज प्रसाद, वर्मा यादव और बबलू पांडेय शामिल हैं। कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में इस पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
मीटर शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ कथित बदसलूकी
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ललन जी के डेरा निवासी धर्मसीला कुमारी अपने बिजली मीटर में गड़बड़ी की शिकायत लेकर ब्रह्मपुर बिजली कार्यालय पहुंची थीं। आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय वहां मौजूद जेई और उनके सहयोगियों ने महिला के साथ जातिसूचक गालियां दीं, धक्का-मुक्की की और मारपीट कर कार्यालय से भगा दिया। पीड़िता के अनुसार घटना में वह घायल हो गई थीं। पहले उनका इलाज ब्रह्मपुर पीएचसी में कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद पीड़िता ने बक्सर एससी/एसटी थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
डीएसपी की जांच में मिली क्लीन चिट, फिर SC/ST आयोग के दखल के बाद खुली फाइल, कोर्ट की कार्रवाई से विभाग में खौफ
बताया जाता है कि मामले की जांच डुमरांव के तत्कालीन डीएसपी द्वारा की गई थी, जिसमें आरोपियों को राहत देते हुए केस से मुक्त कर दिया गया था। लेकिन पीड़िता ने हार नहीं मानी और पटना स्थित एससी/एसटी आयोग का दरवाजा खटखटाया। महिला की शिकायत पर आयोग ने गंभीरता दिखाते हुए अपर पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजा। इसके बाद पूरे मामले की दोबारा समीक्षा हुई और अब विशेष एससी/एसटी कोर्ट, बक्सर ने आरोपियों के खिलाफ संज्ञान ले लिया है।
पहले शराब पार्टी, अब महिला उत्पीड़न… लगातार विवादों में जेई
बिजली विभाग के चर्चित जेई अमित कुमार का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। बीते माह ब्रह्मपुर पुलिस ने उन्हें अपने छह सहयोगियों के साथ कथित रूप से अवैध हथियार और शराब पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने करीब 1.15 लाख रुपये नकद भी बरामद किए थे। अब दलित महिला उत्पीड़न मामले में कोर्ट की कार्रवाई के बाद विभाग की कार्यशैली और अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
क्षेत्र में चर्चा तेज, विभाग की छवि पर बड़ा सवाल
लगातार विवादों में घिरते बिजली विभाग के अधिकारियों को लेकर अब आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत लेकर जाने वाले उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार आम बात हो गई है। वहीं कोर्ट की ताजा कार्रवाई के बाद यह मामला जिले में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और विभाग इन आरोपों पर क्या कदम उठाते हैं और क्या दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होती है या नहीं।





