CRIME

सिमरी में दिनदहाड़े किशोर को मारी गोली, हालत नाजुक—आरोपी फरार, इलाके में तनाव

एकौना–दुबौली के बीच हुई वारदात, मामूली कहासुनी के बाद युवक ने पेट में गोली मारी; पुलिस कर रही छापेमारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दिनदहाड़े एक किशोर को गोली मार दी गई। घटना एकौना और दुबौली गांव के बीच करीब सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल किशोर को परिजन तत्काल बक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हैं, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

 

घायल की पहचान एकौना गांव निवासी हरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र मनीष यादव के रूप में हुई है। वहीं, इस घटना का आरोप दुबौली गांव निवासी रौनक तिवारी (पिता गणेश तिवारी) पर लगाया जा रहा है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक-दूसरे के पूर्व परिचित थे। घटना के समय मनीष बाइक से एकौना से दुबौली की ओर जा रहा था, जबकि रौनक अपने गांव से एकौना की तरफ आ रहा था। इसी दौरान दोनों की आमने-सामने मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मनीष ने कुछ कह दिया, जिससे नाराज होकर रौनक ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाल ली और मनीष पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसके पेट में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी रौनक तिवारी नशे का आदी है और अक्सर छोटी-छोटी बातों पर लोगों से विवाद करता रहता है। इस घटना के बाद से दोनों गांवों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस संबंध में एसपी शुभम आर्य ने बताया कि 17 वर्षीय युवक को पेट में गोली लगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दी गयी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button