CRIME

नर्तकी से सामूहिक दुष्कर्म मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच से 4 आरोपी दबोचे, बेहोशी की हालत में नदी किनारे छोड़कर भागे थे आरोपी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान आई नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

 

सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस जघन्य वारदात में कुल पांच नामजद आरोपी शामिल थे। इनमें से चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना 1 मई की रात की है, जब रामपुर गांव निवासी बंटी राजभर के घर शादी समारोह आयोजित था। इसी दौरान एक नर्तकी कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। आरोप है कि बंटी राजभर, सलमान खान, रामप्रताप राजभर उर्फ प्रेम कुमार और उनके दो अन्य साथियों ने मिलकर नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को बेहोशी की हालत में कर्मनाशा नदी के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पीड़िता के आवेदन पर राजपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button