ACCIDENT

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बहन की शादी का निमंत्रण बांटने निकले दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

बक्सर-पटना फोरलेन पर ट्रक की टक्कर से उजड़ गया परिवार, तीन दिन बाद होना था तिलक, 7 मई को थी बहन की शादी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर-पटना फोरलेन (NH-922) पर मंगलवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआंवन गांव के समीप करीब 8 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

 

मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालू डेरा गांव निवासी 25 वर्षीय मुन्ना पासवान और 20 वर्षीय गणेश पासवान के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे और अपने परिवार की खुशियों को बांटने निकले थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपनी बहन नेहा की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए ब्रह्मपुर की ओर जा रहे थे। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं—3 मई को तिलक और 7 मई को शादी की तारीख तय थी। घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने सब कुछ पलभर में मातम में बदल दिया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बक्सर-पटना फोरलेन को दोनों ओर से जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके की गंभीरता को देखते हुए ब्रह्मपुर थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के चार थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

 

प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनू कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम को समाप्त कराया जा सका और यातायात बहाल हुआ। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है। मां-बाप की आंखों के सामने जवान बेटों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की भयावह तस्वीर पेश करता है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button