शिक्षा सुधार की मांग तेज, ABVP ने सांसद सुधाकर सिंह को सौंपा मांगपत्र
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में ‘G+5’ भवन, पुस्तकालय, कैंटीन, रानी घाट पुनर्निर्माण और महिला कॉलेज की स्थापना की उठी मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर में उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बक्सर इकाई ने बड़ा कदम उठाया है। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर की शैक्षणिक अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर माननीय सांसद सुधाकर सिंह को एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा।
इस मांगपत्र में जिले के छात्रों की लंबे समय से लंबित मूलभूत शैक्षणिक जरूरतों को प्रमुखता से उठाते हुए महाविद्यालय के समग्र विकास की मांग की गई। परिषद ने कॉलेज में अत्याधुनिक सुविधाओं के विस्तार, नए शैक्षणिक भवन निर्माण, पुस्तकालय एवं वाचनालय के सुदृढ़ीकरण, कैंटीन की व्यवस्था तथा परिसर स्थित ऐतिहासिक रानी घाट के पुनर्निर्माण को आवश्यक बताया। मौके पर ABVP के जिला संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि बक्सर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जिला होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में काफी पीछे है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में आधुनिक ‘G+5’ भवन का निर्माण बेहद जरूरी है, जिससे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई शुरू की जा सके।
नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता ने महाविद्यालय परिसर में स्थित रानी घाट के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ऐतिहासिक धरोहर संरक्षित होगी, बल्कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण भी मिलेगा। साथ ही उन्होंने कॉलेज में कैंटीन जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव पर चिंता जताते हुए इसे जल्द शुरू करने की मांग की। इसके अलावा परिषद ने बक्सर जिले में एक अंगीभूत महिला महाविद्यालय की स्थापना की भी मांग की, ताकि छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों की ओर रुख न करना पड़े।
कॉलेज अध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद व्यापक छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने सांसद से अपील की कि छात्रहित में त्वरित निर्णय लेकर बक्सर को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाए। इस अवसर पर खेलो भारत के प्रांत सह संयोजक अनीश तिवारी, मनीष सिंह, विराज सिंह, विवेक पांडेय, नंदन कुमार, प्रशांत चौबे, बंटी पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।





