CRIME

जंगली सूअर के हमले में घायल 43 वर्षीय भीम प्रजापति की वाराणसी में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डेढ़ साल बाद विदेश से गांव लौटे थे भीम प्रजापति, 18 वर्षों से घाना में रहकर चला रहे थे परिवार; 6 दिसंबर को वापस लौटने की थी टिकट, लेकिन उससे पहले ही काल के गाल में समा गए

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के तिवाय गांव में जंगली सूअर के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 43 वर्षीय भीम प्रजापति की इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस परिवार के साथ कुछ दिन खुशियां बांटने और समय बिताने के लिए वे विदेश से अपने गांव लौटे थे, उसी परिवार को छोड़कर उनका इस तरह चले जाना हर किसी को झकझोर गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, भीम प्रजापति पिछले 18 वर्षों से दक्षिण अफ्रीका के घाना शहर में एक कंपनी में काम कर रहे थे। विदेश में रहकर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब डेढ़ वर्ष बाद वे अपने गांव तिवाय लौटे थे। घर पहुंचने के बाद परिवार और रिश्तेदारों के साथ उनका समय खुशी से गुजर रहा था। इसी बीच उन्होंने आगामी 6 दिसंबर को वापस विदेश लौटने के लिए हवाई टिकट भी बुक करा रखी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। विदेश लौटने से पहले ही एक दर्दनाक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली और हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के दिन भीम प्रजापति किसी आवश्यक कार्य से खेत की तरफ टहलने निकले थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले एक जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन उन्हें वाराणसी ले गए, जहां करीब एक सप्ताह तक उनका इलाज चला। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

भीम प्रजापति अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए करीब 18 वर्षों तक विदेश में मेहनत करने वाले भीम प्रजापति की असमय मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। डेढ़ साल बाद घर लौटने पर परिजनों को उम्मीद थी कि उनके साथ कुछ सुखद पल बिताने का मौका मिलेगा, लेकिन यह मुलाकात परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।

इस हृदयविदारक घटना पर गांव के ऋषि मुनि सिंह, देवधारी सिंह सहित कई ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button