विश्व रक्तदाता दिवस पर ब्लड बक्सर का जलवा, बक्सर और आरा में सर्वाधिक रक्तदान के लिए हुआ सम्मानित
26 रक्तवीरों और 2 रक्तवीरांगनाओं को मिला सम्मान, संस्थापक प्रियेश रंजन ने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति जताया आभार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल बक्सर स्थित रेडक्रास में आयोजित रक्तदाता सम्मान समारोह में सामाजिक संस्था ब्लड बक्सर को बक्सर और आरा-भोजपुर क्षेत्र में सर्वाधिक स्वैच्छिक रक्तदान कराने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था के निरंतर जनसेवा और रक्तदान जागरूकता अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
समारोह के दौरान ब्लड बक्सर के संस्थापक एवं संचालक प्रियेश रंजन ने सभी रक्तवीरों और रक्तवीरांगनाओं के प्रति कोटि-कोटि धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और ब्लड बक्सर परिवार इसी भावना के साथ लगातार जरूरतमंद मरीजों तक रक्त उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि बक्सर में आयोजित समारोह में 2 रक्तवीरांगनाओं सहित कुल 26 रक्तवीरों को सम्मानित किया गया, जबकि आरा में भी ब्लड बक्सर से जुड़े 5 रक्तवीरों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन लोगों को दिया गया जिन्होंने नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर कई लोगों की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मान समारोह में प्रमुख रूप से नसीम नायक, कुमार गौरव, आदिल खान, प्रभा रंजन, साहिल अंसारी, अजीत गुप्ता, रविशंकर शर्मा, नेहा केजरीवाल, निधि केजरीवाल, सोनू गुप्ता, अंकित जायसवाल, राजा बाबू, राकेश कुमार, सुजीत गुप्ता सहित कई रक्तदाता उपस्थित रहे। ब्लड बक्सर की इस उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में यह संगठन लगातार लोगों को प्रेरित कर रहा है और जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी भूमिका निभा रहा है। संस्था ने भविष्य में भी अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराया।





