CRIME

भीड़ का फायदा उठाकर महिला यात्री का मोबाइल व सिकड़ी चोरी करने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की तत्परता से वारदात नाकाम, चोरी का Redmi मोबाइल और बनावटी सिकड़ी बरामद; आरोपी को जीआरपी के हवाले किया गया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बुधवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास कर रहे एक युवक को आरपीएफ की टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया Redmi कंपनी का मोबाइल फोन और पीले रंग की धातु की बनावटी सिकड़ी बरामद की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, चोरी एवं छिनतई की घटनाओं पर नियंत्रण तथा संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस में यात्रियों के सवार होने के दौरान एक युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर महिला यात्री के सामान पर हाथ साफ करने का प्रयास किया। बताया गया कि औद्योगिक थाना क्षेत्र के कर्पूरी पड़री गांव निवासी श्रीमती नीता देवी पटना जाने के लिए कोटा-पटना एक्सप्रेस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने उनके पास से नीले रंग का Redmi कंपनी का मोबाइल फोन और पीले रंग की धातु की बनावटी सिकड़ी चोरी कर भागने का प्रयास किया।

 

हालांकि, मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता के कारण आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। आरपीएफ उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय तथा आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव और संतोष कुमार ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने अपना नाम कृष्णा माली (करीब 24 वर्ष), पिता चतरो माली, निवासी न्यायीपुर, थाना मुफस्सिल, जिला बक्सर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से महिला यात्री से चोरी किया गया Redmi मोबाइल फोन और पीले रंग की धातु की बनावटी सिकड़ी बरामद कर ली गई। आरपीएफ द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी कृष्णा माली को बरामद चोरी के सामान एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया।

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अभियान रहेगा जारी

इस संबंध में आरपीएफ बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, चोरी एवं छिनतई की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और रेलवे परिसर में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ की विशेष टीम लगातार सक्रिय रहेगी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि ट्रेन में सफर के दौरान अपने मोबाइल, पर्स, आभूषण एवं अन्य कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित रेल पुलिस को दें। आरपीएफ की तत्परता से स्टेशन पर चोरी की घटना को समय रहते नाकाम किए जाने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा बल की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button