CRIME

गंगा में स्नान करने निकले वृद्ध का 4 दिन बाद मिला शव, हनुमान घाट पर तैरती लाश मिलने से मचा हड़कंप

भान भरौली निवासी जगनारायण खरवार की गंगा नदी से बरामद हुई लाश, चार दिनों से थे लापता; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के तिलकराय हाता थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान घाट के समीप सोमवार की सुबह गंगा नदी में एक वृद्ध का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा तट पर जुट गए। बाद में शव की पहचान भान भरौली गांव निवासी जगनारायण खरवार के रूप में हुई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार जगनारायण खरवार चार दिन पूर्व घर से गंगा स्नान करने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। सोमवार सुबह करीब नौ बजे जब स्थानीय लोग गंगा स्नान के लिए हनुमान घाट पहुंचे तो उन्होंने नदी किनारे एक वृद्ध का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव पानी में कई दिनों तक रहने के कारण काफी फूल चुका था, जिससे पहचान करने में कठिनाई हो रही थी। हालांकि मृतक के कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान जगनारायण खरवार के रूप में की।

 

घटना की सूचना पर तिलकराय हाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं गंगा नदी से शव बरामद होने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। घटना के बाद भान भरौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जगनारायण खरवार शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button