OTHERS

नियाजीपुर में घोड़ों की टापों से गूंजा मैदान, रोमांचक हॉर्स रेस में डब्लू राय के घोड़े ने मारी बाजी

महावीर पूजा समिति सेवा ट्रस्ट के आयोजन में दूर-दराज से पहुंचे घुड़सवार, विजेताओं को फ्रीज, एयर कूलर और स्टैंड फैन से किया गया सम्मानित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शरद पूर्णिमा के मौके पर महावीर पूजा समिति सेवा ट्रस्ट, नियाजीपुर पुराना अखाड़ा के तत्वावधान में भव्य घोड़ा दौड़ (हॉर्स रेस) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बक्सर सहित दूर-दराज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ हिस्सा लिया। घोड़ों की टापों की गूंज, मैदान में उमड़ा दर्शकों का हुजूम और प्रतिभागियों के बीच जीत की जोरदार होड़ ने पूरे आयोजन को रोमांच से भर दिया। प्रतियोगिता देखने के लिए हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी और आसपास के क्षेत्रों से आए दर्शक मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए किशुन बिहारी पाठक ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक खेलों एवं घुड़सवारी की कला को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, उत्साह और एकजुटता का माहौल भी कायम करते हैं। हॉर्स रेस प्रतियोगिता की शुरुआत मुख्य अतिथि अनिल सम्राट सहित अन्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। इसके बाद मैदान में घोड़ों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अलग-अलग स्थानों से पहुंचे घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ शानदार प्रदर्शन किया। कई राउंड में हुई प्रतिस्पर्धा के दौरान दर्शक लगातार तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते रहे।

 

दो दांत की रेस में इन प्रतिभागियों ने हासिल किया स्थान

प्रतियोगिता के दो दांत रेस में पुतुल चौबे, सवार सरोज सिंह, धामनिया आरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं डॉक्टर यादव, सवार वीरेंद्र सिंह, दुल्लापुर बक्सर दूसरे स्थान पर रहे। सैयद फरहान अहमद, सवार मेघु, रानी कोठी मोतिहारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

फाइनल रेस में डब्लू राय के घोड़े ने मारी बाजी

प्रतियोगिता की फाइनल रेस में डब्लू राय, सवार दीपक यादव, पियरो के घोड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता को समिति की ओर से रेफ्रिजरेटर (फ्रीज) देकर सम्मानित किया गया। वहीं सैयद फरहान अहमद, सवार मेघु, रानी कोठी मोतिहारी का घोड़ा दूसरे स्थान पर रहा। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एयर कूलर देकर सम्मानित किया गया। जबकि स्वर बिट्टू यादव, सवार मनोज जी, चक्रम, पटना के घोड़े ने तीसरा स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को स्टैंड फैन देकर पुरस्कृत किया गया।

इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। आयोजन समिति की ओर से विजेताओं को बधाई देते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी दर्शकों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार जताया गया।

कार्यक्रम में नवानगर प्रखंड प्रमुख अंकित यादव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अच्छे बार यादव, केशवपुर मुखिया छोटू मिश्रा, राजपुर के पूर्व विधायक प्रत्याशी मुन्ना सिंह, सत्यनारायण पाठक, प्राथमिक शिक्षक प्रबंधक राजेश यादव, राजद नेता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सचिव राजेंद्र यादव के साथ समिति के सदस्य कन्हैया जी पाठक, मार्कण्डेय पाठक, पंडित अभय कृष्ण पाठक, अरुण पाठक, नागेंद्र पाठक उर्फ डब्लू पाठक, सोनू पाठक, प्रभुनाथ पाठक, अभिषेक पाठक, राकेश पाठक, रोहित पाठक, सुरेश पाठक, अजीत यादव, साधु पाठक, मनीष कुमार पाठक, वीरेंद्र यादव, हीरा यादव, इकराम पाठक, संजय पाठक, अरुण पाठक, वी. पाठक, नीरज पाठक, राहुल पाठक सहित अन्य ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।

आयोजन के दौरान पूरे मैदान में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। घोड़ों की तेज रफ्तार और घुड़सवारों के कौशल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। समिति के सदस्यों ने कहा कि भविष्य में भी पारंपरिक खेलों और ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button