एक चिंगारी ने उजाड़ा गरीब परिवार का आशियाना, पांच बकरियां जिंदा जलीं
राजपुर के गैधरा गांव में दोपहर में लगी भीषण आग, नकदी, अनाज, साइकिल, भूसा और जमीन के जरूरी कागजात जलकर राख; दो भैंस गंभीर रूप से झुलसीं


न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर पंचायत के गैधरा गांव में रविवार दोपहर अचानक लगी आग ने एक गरीब परिवार की जिंदगी भर की कमाई को कुछ ही मिनटों में राख में बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच बकरियों की मौत हो गई, जबकि दो भैंस गंभीर रूप से झुलस गईं। आग में घर में रखा नकद रुपये, अनाज, भूसा, साइकिलें तथा जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गैधरा गांव निवासी राधेश्याम राम के घर में दोपहर करीब एक बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। जब तक परिवार और ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भयावह लपटों को देखकर पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
आग की चपेट में आने से घर में बंधी पांच बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं। इसके अलावा घर में रखा लगभग 20 हजार रुपये नगद, खाने का अनाज, दो साइकिलें, पशुओं के लिए रखा गया भूसा तथा जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया जाए तथा पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।





