वामन द्वादशी पर बक्सर पहुंचे CM सम्राट चौधरी, भगवान वामन के दरबार में की पूजा-अर्चना; ‘विश्वामित्र पथ’ और बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड मार्ग का बताया प्लान
मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार बक्सर पहुंचे सम्राट चौधरी, सेंट्रल जेल परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर में करीब 10 मिनट तक किया दर्शन-पूजन; बक्सर से कोईलवर होते हुए गया तक फोरलेन एक्सप्रेसवे और बक्सर से भागलपुर तक ग्रीनफील्ड मार्ग की योजना पर कही बड़ी बात


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद बुधवार को दूसरी बार बक्सर पहुंचे। वामन द्वादशी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेंट्रल जेल परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर में पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की और भगवान वामन से बिहार की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। निर्धारित कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
‘विश्वामित्र पथ’ के नाम से फोरलेन एक्सप्रेसवे की योजना
बक्सर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर की कनेक्टिविटी को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बक्सर को राज्य के कई प्रमुख इलाकों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बक्सर से कोईलवर होते हुए गया जिले तक फोरलेन एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस मार्ग को ‘विश्वामित्र पथ’ नाम दिए जाने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने बताया कि इसी संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना के जरिए बक्सर को बिहार के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे आवागमन के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बक्सर से भागलपुर तक बनेगा ग्रीनफील्ड मार्ग
मुख्यमंत्री ने बक्सर से भागलपुर के बीच ग्रीनफील्ड मार्ग विकसित करने की दिशा में भी पहल किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मार्ग बक्सर, आरा, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, जमुई, शेखपुरा और बांका होते हुए भागलपुर को जोड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। बेहतर सड़क संपर्क से लोगों के आवागमन के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
पहले दौरे में भी भगवान वामन मंदिर में की थी पूजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पहले बक्सर दौरे के दौरान भी सेंट्रल जेल परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर पहुंचे थे और पूजा-अर्चना की थी। उस दौरान उन्होंने भगवान वामन मंदिर को जेल परिसर से बाहर लाने तथा इसके विकास की दिशा में पहल करने की बात कही थी। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार और वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर पहुंचने को धार्मिक एवं विकासात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान वामन से पूरे बिहार के लिए आशीर्वाद की कामना करते हुए कहा कि बिहार में समृद्धि आए और राज्य का विकास हो। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान एक ओर जहां धार्मिक आस्था का केंद्र भगवान वामन मंदिर रहा, वहीं दूसरी ओर बक्सर की कनेक्टिविटी से जुड़ी प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री के बयान ने जिले के विकास को लेकर चर्चा को तेज कर दिया है।
वीडियो देखें :





