वार्ड 16 के नए परिसीमन पर मचा भ्रम, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने नगर परिषद से मांगा स्पष्टीकरण
परिसीमन के आधार, कमेटी के गठन और वार्ड की चौहद्दी को लेकर पूछे सवाल, पार्षद प्रतिनिधि बोले—जनता हो रही परेशान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 के नए परिसीमन को लेकर आम जनता में बनी भ्रम की स्थिति के बीच मंगलवार को बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी वार्ड 16 पहुंचे। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर नगर परिषद से नए परिसीमन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने कहा कि वार्ड के नए परिसीमन को लेकर जनता के बीच कई तरह की चर्चाएं और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में नगर परिषद के सक्षम पदाधिकारियों को मीडिया के माध्यम से पूरे मामले पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए, ताकि आम लोगों के बीच बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके। उन्होंने नगर परिषद से सवाल करते हुए पूछा कि क्या नए परिसीमन के लिए किसी कमेटी का गठन किया गया है? यदि कमेटी गठित हुई है तो उसके अध्यक्ष कौन हैं और इसमें कितने सदस्य शामिल हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि नए परिसीमन के लिए किस जनसंख्या को आधार बनाया गया है तथा शहर की मैपिंग और वार्ड की चौहद्दी निर्धारित करने के लिए क्या आधार अपनाया गया है।
वार्ड 16 के पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने कहा कि उनके वार्ड की मापी कराई गई है। मापी करने पहुंचे नगर परिषद के कर्मियों से पूछे जाने पर बताया गया कि वार्ड का नया परिसीमन होने वाला है। इसके बाद से ही लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बार-बार जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, पहचान पत्र सहित अन्य दस्तावेजों में पता बदलवाने की चिंता से आम जनता परेशान है। संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, विजय राजभर, कांग्रेस व्यवसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दौलत चंद गुप्ता, कामेश्वर पांडेय, गोपाल शर्मा, ई. रामप्रसन्न द्विवेदी, नीलू मिश्र, भृगुनाथ तिवारी, अभिषेक राय, मदन वर्मा सहित वार्ड के कई लोग मौजूद रहे।





