‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान: छोटका नुआव में घर-घर पहुंची स्वास्थ्य टीम, बीपी-शुगर से लेकर कैंसर तक की हुई स्क्रीनिंग
एसडीओ अविनाश कुमार ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, सरकारी औषधियों के उपयोग, पोषण और बीमारी से बचाव के प्रति किया जागरूक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला प्रशासन बक्सर के सहयोग से ग्राम पंचायत छोटका नुआव में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाई गई। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने मौके पर ग्रामीणों को ‘जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
एसडीओ अविनाश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच एवं उपचार कराना चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से कई गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है और उनका बेहतर उपचार संभव है। शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही कैंसर की स्क्रीनिंग, श्वास संबंधी रोगों की जानकारी तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक परामर्श भी दिया।
ग्रामीणों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही औषधियों के संबंध में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं के उपयोग और उनकी गुणवत्ता के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाकर लोग अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं। इस दौरान ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, सही खान-पान, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य की जांच कराएं और चिकित्सकों द्वारा दिए गए सुझावों का पालन करें। समय पर स्वास्थ्य जांच और बीमारी की शुरुआती पहचान से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर साधु शरण पांडे, स्वास्थ्य प्रबंधक प्रिंस सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ने तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।





