एनएच-922 पर भीषण सड़क हादसा: दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक-सहचालक की मौत
प्रतापसागर के समीप बालू लदे ट्रेलर ने आगे खड़े ट्रेलर में मारी जोरदार टक्कर, केबिन में फंसे शवों को जेसीबी की मदद से निकाला गया

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर-पटना एनएच-922 फोरलेन पर सोमवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रतापसागर के समीप बालू लदे एक ट्रेलर ने आगे खड़े दूसरे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक तथा सहचालक उसमें फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। केबिन में फंसे दोनों लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला जा सका।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के महराजगंज निवासी रामानंद यादव (25 वर्ष), पिता रामविलास यादव, तथा सहचालक ललित यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों टक्कर के बाद ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। इसके बाद जेसीबी की सहायता से केबिन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
इस दर्दनाक हादसे ने मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही दुर्घटना में दो परिवारों के चिराग बुझने से इलाके में भी शोक का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर एनएच-922 पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ठंड के मौसम में सुबह के समय धुंध और कम दृश्यता के कारण फोरलेन पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा गलत लेन में वाहनों का परिचालन भी हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल माना जाता है। ऐसे में वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित लेन में वाहन चलाने तथा धुंध और कम दृश्यता के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
वीडियो देखें :



