रोटरी क्लब द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए ‘गार्डासिल’ टीकाकरण शिविर का किया शुभारम्भ, महिलाओं में जागरूकता की पहल तेज
13 से 45 वर्ष की महिलाओं को सिंगल शॉट वैक्सीन, 24 मई को फिर लगेगा शिविर; डॉक्टर दिलशाद आलम ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए रोटरी क्लब द्वारा “पीपीएचसी कैंप” के तहत सर्वाइकल वैक्सीनेशन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. दिलशाद आलम की अध्यक्षता में साबित खिदमत हॉस्पिटल के प्रांगण में शुरू हुआ, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
जानकारी के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत पिछले वर्ष नवंबर माह में स्क्रीनिंग के साथ की गई थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि यह वैक्सीन 13 से 45 वर्ष तक की महिलाओं के लिए बेहद जरूरी है, जिससे भविष्य में गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। इस अभियान के तहत “गार्डासिल” नामक सिंगल शॉट वैक्सीन दी जा रही है, जो जीवनभर सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम मानी जाती है। उन्होंने महिलाओं एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं और इसे सफल बनाएं।
सरकार द्वारा भी स्कूलों और विभिन्न संस्थानों के माध्यम से बच्चियों के टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। रोटरी क्लब इसी सरकारी पहल को मजबूती देने का काम कर रहा है। शिविर के दौरान रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने सरकारी व्यवस्थाओं का आभार जताया और कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में सभी का सहयोग सराहनीय है। इस अवसर पर आरएमओ डॉ. मनीष कुमार, अरुण कुमार सिंह, अरुण कुमार, राहुल कुमार, रोटरी सचिव साहिल, साबित रोहतासवी तथा डॉ. खालिद रज़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। गौरतलब है कि इस टीकाकरण अभियान का अगला चरण 24 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें रोटरी क्लब के सभी सदस्य एवं शहर के सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित और जागरूक बनाया जा सके।





