OTHERS

राजस्व मामलों में सुस्ती पर अपर समाहर्त्ता सख्त, ब्रह्मपुर अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

भू-अतिक्रमण और मापी वादों के त्वरित निष्पादन का निर्देश, राजस्व महा-अभियान में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
मंगलवार को अपर समाहर्त्ता बक्सर अरुण कुमार सिंह ने ब्रह्मपुर अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परिमार्जन, एलपीसी, लंबित मापी वाद, भू-अतिक्रमण वाद, अभियान बसेरा-2, बेदखली, जल-जीवन-हरियाली, विभागीय भूमि पंजी, दाखिल-खारिज, दाखिल-खारिज डिफेक्ट चेक तथा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जांच की गई। इस दौरान कई मामलों में लंबित कार्यों और अभिलेखों के अद्यतन संधारण में कमी पाए जाने पर अपर समाहर्त्ता ने अंचल अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

पुराने भू-अतिक्रमण वाद लंबित, शीघ्र निष्पादन का निर्देश

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक के भू-अतिक्रमण से संबंधित कई वाद अब भी लंबित हैं। इन मामलों का समय पर निष्पादन नहीं होने पर अपर समाहर्त्ता ने नाराजगी जताई और अंचल अधिकारी ब्रह्मपुर को सभी पुराने लंबित वादों में विशेष रुचि लेते हुए ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार पुराने लंबित मापी वादों की भी समीक्षा की गई। अपर समाहर्त्ता ने निर्देश दिया कि मापी से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि जमीन से जुड़े विवादों का समय रहते समाधान हो सके।

 

परिमार्जन के आदेश में स्पष्टता लाने का निर्देश

परिमार्जन से संबंधित मामलों की जांच के दौरान पाया गया कि अंचल अधिकारी द्वारा पारित कुछ आदेश स्पष्ट नहीं हैं। इस पर अपर समाहर्त्ता ने निर्देश दिया कि मामलों में Speaking Order पारित किया जाए, ताकि आदेश में लिए गए निर्णय और उसके कारण आमलोगों को स्पष्ट रूप से समझ में आ सकें तथा अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

अभियान बसेरा-2 में 177 में 156 परिवारों को मिला पर्चा

अभियान बसेरा-2 की समीक्षा में पाया गया कि कुल 177 सुयोग्य परिवारों में से 156 परिवारों को पर्चा वितरित किया जा चुका है, जबकि 4 परिवारों को भूमि आवंटित की गई है। शेष योग्य परिवारों के लिए भूमि आवंटन एवं पर्चा निर्गत करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। अपर समाहर्त्ता ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

कई महत्वपूर्ण पंजियां अद्यतन नहीं मिलीं

अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान भू-हस्तांतरण पंजी, गृहस्थल पंजी, वासगीत पंजी, बेदखली पंजी, आरटीपीएस पंजी, भू-मापी पंजी, बंदोबस्ती पंजी, अतिक्रमणवाद पंजी, विधानमंडल प्रश्नोत्तरी पंजी, सूचना का अधिकार पंजी, भूमि विवाद पंजी, आश्रित प्रमाण पत्र पंजी, अनियोजन प्रमाण पत्र पंजी, चरित्र प्रमाण पत्र पंजी, पारिवारिक सूची पंजी और प्रमाण पत्र सत्यापन पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की गई। जांच में कई पंजियां विभागीय निर्देश के अनुरूप अद्यतन संधारित नहीं पाई गईं। इस पर अपर समाहर्त्ता ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी पंजियों का विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में अद्यतन संधारण कराते हुए अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

दाखिल-खारिज डिफेक्ट चेक में भी सुधार के निर्देश

दाखिल-खारिज डिफेक्ट चेक से संबंधित मामलों तथा अस्वीकृत वादों की भी समीक्षा की गई। अपर समाहर्त्ता ने निर्देश दिया कि ऑब्जेक्शन से संबंधित अभ्युक्ति कॉलम में स्पष्ट रूप से यह अंकित किया जाए कि किस कारण से आपत्ति लगाई गई है, ताकि आवेदकों को मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

राजस्व महा-अभियान की धीमी प्रगति पर जताया क्षोभ

निरीक्षण के दौरान राजस्व महा-अभियान की प्रगति पर भी अपर समाहर्त्ता ने गंभीरता दिखाई। अंचल में कुल 8345 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अभी भी 1420 आवेदन (17.02 प्रतिशत) आवेदन करने के लिए लंबित बताए गए। वहीं कुल मामलों में मात्र 33.53 प्रतिशत का निष्पादन हुआ है। राजस्व महा-अभियान में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर अपर समाहर्त्ता ने क्षोभ व्यक्त करते हुए अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना में स्वयं विशेष अभिरुचि लेते हुए एक पक्ष के अंदर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

आमलोगों की समस्याएं भी सुनीं

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्त्ता ने अंचल कार्यालय में पहुंचे आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। योगेंद्र कुमार सिंह, उमेदपुर; ऋषिकांत दूबे, देवकुली; राजेश कुमार श्रीवास्तव, महुआर; पूनम देवी; छोटू कुमार यादव, ब्रह्मपुर ने दाखिल-खारिज से संबंधित समस्याएं रखीं। वहीं विकास कुमार पांडेय, ब्रह्मपुर ने नामांतरण से संबंधित समस्या बताई, जबकि सहनवाज हुसैन, रघुनाथपुर ने गृहस्थल पर्चा से संबंधित आवेदन दिया। आवेदकों की समस्याओं को सुनने के बाद अपर समाहर्त्ता ने अंचल अधिकारी ब्रह्मपुर को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की जांच कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्त्ता ने स्पष्ट किया कि राजस्व से जुड़े मामलों में अनावश्यक लंबितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन संधारण, पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन और आमलोगों की शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button