OTHERS

रोटरी क्लब बक्सर के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 250 लोगों की हुई नि:शुल्क जांच

गरीब और असहाय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, मधुमेह, रक्तचाप, आंख व दांत समेत कई रोगों की जांच के साथ बांटी गईं मुफ्त दवाइयां

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रोटरी क्लब बक्सर की ओर से मंगलवार को नगर के श्री चंद्र मंदिर परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में करीब 250 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की नि:शुल्क जांच की गई।

 

शिविर के दौरान लोगों की मधुमेह, रक्तचाप, आंख, दांत सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के पहुंचने से आयोजन स्थल पर काफी चहल-पहल रही।

 

हर माह आयोजित होता है नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने बताया कि क्लब की ओर से प्रत्येक माह इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब और असहाय लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सामान्य स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने बताया कि शिविर के आयोजन से एक दिन पहले माइक के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को शिविर की तारीख, स्थान और समय की जानकारी दी जाती है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगेगा स्वास्थ्य शिविर

रोटरी क्लब अध्यक्ष ने कहा कि अब क्लब की ओर से शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य गांवों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को उनके आसपास ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराना है।

चिकित्सकों और रोटेरियन सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान

स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में रोटेरियन डॉ. दिलशाद आलम, दीपक अग्रवाल, डॉ. मनीष पांडेय, प्रदीप कुमार जायसवाल, मंजेश केसरी, राजेश केसरी, सचिव मनोज कुमार वर्मा, अनिल केसरी, एस.एम. साहिल, राकेश सिंह उर्फ सोहन सिंह, सुनील कुमार, अमृता केशरी, शमशाद अली, ज्योति जोशी और आशीष गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अलावा डॉ. सौरभ राय, डॉ. गुड़िया और डॉ. खालिद राजा ने भी मरीजों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोटरी क्लब के सदस्यों ने शिविर में आने वाले लोगों की जांच, दवा वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। आयोजन को स्थानीय लोगों ने जरूरतमंदों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button