RELIGION

सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा बक्सर

अहले सुबह से मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतार, गंगाजल, दूध, बेलपत्र व धतूरे से हुआ भगवान शिव का जलाभिषेक; नाथ बाबा से लेकर सोखा धाम तक भक्तिमय रहा माहौल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सावन मास की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह करीब पांच बजे से ही शिवभक्त मंदिरों का रुख करने लगे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का गंगाजल, दूध, फूल, बेलपत्र, धतूरा और अक्षत अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

 

शहर के नाथ बाबा मंदिर, रामेश्वर नाथ मंदिर, कांचनेश्वर महादेव, सिद्धनाथ महादेव, संगमेश्वर महादेव, वामनेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव और पातालेश्वर महादेव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। छोटका नुआंव स्थित महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर जलाभिषेक किया।

 

महिलाओं ने रखा व्रत, मंदिरों में उमड़ी विशेष भीड़

तीसरी सोमवारी को बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की। महिलाओं ने शिवलिंग पर जल, गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर पूजा की। युवाओं और बुजुर्गों में भी भगवान भोलेनाथ के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। कई मंदिरों को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी लरियों से सजाया गया था। मंदिर परिसर और प्रवेश द्वार के आसपास फूल, बेलपत्र, प्रसाद और पूजा सामग्री की अस्थायी दुकानें भी लगी थीं।

हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजे शिवालय

सुबह से ही मंदिरों के प्रवेश द्वार पर घंटियों की आवाज और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। “हर-हर महादेव”, “बम भोले” और “बोल बम” के गगनभेदी जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर भगवान शिव के दरबार में पहुंचे और पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की। मौसम अपेक्षाकृत ठीक रहने के कारण इस बार जिले के विभिन्न शिवालयों में बीते दो सोमवार की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक देखी गई। सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

देर शाम हुई महाआरती, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

दिनभर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद विभिन्न शिवालयों में देर शाम महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। आरती के दौरान मंदिर परिसर एक बार फिर हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।

सोखा बाबा मंदिर में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन की तीसरी सोमवारी पर इटाढ़ी प्रखंड क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सोखा बाबा मंदिर में भी सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से श्रद्धालु सोखा धाम पहुंचने लगे और महादेव मंदिर में जलार्पण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इटाढ़ी प्रखंड क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी दिनभर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष सुनाई देते रहे। पूरे इलाके का माहौल भक्तिमय बना रहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा चौकस

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से पूजा कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। तीसरी सोमवारी का पर्व जिलेभर में शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।

24 अगस्त को पड़ेगा सावन का अंतिम सोमवार

सावन मास का अंतिम सोमवार 24 अगस्त को पड़ेगा। इसे लेकर शिवभक्तों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं जिले में रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button