अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतने वाले बक्सर के खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत
UAE में आयोजित AAMPC एशियन बायथलॉन, ट्रायथलॉन एवं लेजर रन चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया देश का मान; पवन चौरसिया के नेतृत्व में फूल-मालाओं से किया गया सम्मानित

न्यूज़ विज़न। बक्सर
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित AAMPC एशियन बायथलॉन/ट्रायथलॉन/लेजर रन चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और बक्सर जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का बुधवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटे खिलाड़ियों के स्वागत के लिए स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुटी और उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की गई।
इस दौरान भाजपा नगर पश्चिमी बक्सर के संयोजक पवन चौरसिया अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में कमरपुर पंचायत निवासी चंदन कुमार साहनी एवं लालगंज निवासी चांदनी कुमारी साहनी शामिल रहीं। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
इस अवसर पर पवन चौरसिया ने कहा कि बक्सर की प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। इन खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बक्सर की मिट्टी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। पवन चौरसिया ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस सम्मान समारोह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया।




