नरबतपुर में सड़क निर्माण की राह हुई आसान, वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की जगी उम्मीद
जल संसाधन विभाग की जमीन बनी थी बाधा, अधीक्षण अभियंता ने टीम के साथ किया स्थल निरीक्षण; करीब 800 फीट भूमि पर प्रस्तावित है सड़क


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नरबतपुर के ऐतिहासिक स्थल के पीछे रहने वाली बड़ी आबादी और प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। कच्चे और बारिश के दिनों में कीचड़ से भर जाने वाले रास्ते की जगह सड़क निर्माण की पहल तेज हो गई है। नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिया जा चुका है, लेकिन प्रस्तावित रास्ते में जल संसाधन विभाग की जमीन आने के कारण निर्माण कार्य की प्रक्रिया अटक गई थी। अब इस मामले में विभागीय स्तर पर पहल शुरू होने से सड़क निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद बढ़ गई है।
जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख निखिल कुमार के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार बुधवार को अभियंताओं की टीम के साथ नरबतपुर पहुंचे। टीम ने मौके पर पहुंचकर गंगा पंप नहर की वर्षों से खाली पड़ी विभागीय भूमि का स्थल निरीक्षण किया। बताया गया कि प्रस्तावित सड़क के रास्ते में करीब 800 फीट जल संसाधन विभाग की जमीन पड़ रही है। अधिकारियों ने स्थल पर पहुंचकर जमीन की स्थिति, प्रस्तावित सड़क के मार्ग और निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अभियंताओं और पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा आगे की प्रक्रिया को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। विभागीय भूमि होने के कारण सड़क निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की आवश्यकता बताई जा रही है। विभागीय स्तर पर निरीक्षण के बाद अब एनओसी की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
बारिश में कीचड़ से बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, नरबतपुर के ऐतिहासिक स्थल के पीछे काफी संख्या में लोग रहते हैं। इसी इलाके में प्राथमिक विद्यालय भी स्थित है। सड़क का पक्का रास्ता नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से बारिश के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे बच्चों का स्कूल पहुंचना और वापस घर लौटना मुश्किल हो जाता है। लंबे समय से स्थानीय लोगों की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिए जाने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी, लेकिन रास्ते में विभागीय जमीन आने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
दिशा की बैठक में उठाया गया था मामला
सड़क निर्माण में आ रही बाधा का मामला दिशा की बैठक में भी उठाया गया था। नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सह पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव ने बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से रखते हुए विभागीय अधिकारियों के समक्ष सड़क निर्माण में आ रही बाधा को दूर करने की मांग की थी। इसके बाद जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया गया। इसी के आलोक में अभियंता प्रमुख निखिल कुमार के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने अभियंताओं की टीम के साथ नरबतपुर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों के निरीक्षण के बाद अब स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद बढ़ी है।
स्थल पर ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डॉ. मनोज कुमार यादव, गंगा व सोन कैनाल के कार्यपालक अभियंता वीरेंद्र कुमार, नगर कार्यपालक अभियंता राजन कुमार, कनीय अभियंता दीनबंधु कुमार एवं नगर कनीय अभियंता प्रतीकधर सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभागीय जमीन के संबंध में आवश्यक अनुमति और एनओसी की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है। इससे ऐतिहासिक स्थल के पीछे रहने वाली आबादी के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को भी आवागमन की बड़ी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।





