राजपुर में आंधी-पानी का कहर: 24 घंटे से अंधेरे में दर्जनों गांव, पानी के लिए मचा हाहाकार
सैकड़ों बिजली के खंभे गिरे, समरसेबल पंप ठप; ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त, विभाग युद्धस्तर पर बहाली में जुटा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
राजपुर प्रखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान आई भीषण आंधी और बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों की जिंदगी पूरी तरह पटरी से उतार दी है। तेज हवाओं का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इलाके में सैकड़ों बिजली के खंभे ताश के पत्तों की तरह गिर गए। इसके कारण संगरॉव, मंगरॉव, खीरी, हकारपुर समेत दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
बिजली गुल होने का सबसे ज्यादा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ा है। गांवों में लगे समरसेबल पंप पूरी तरह बंद हो गए हैं, जिससे पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई जगहों पर लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति सिर्फ इंसानों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि मवेशियों के लिए भी संकट गहरा गया है। पानी की कमी के कारण पशुओं को न तो नहलाया जा पा रहा है और न ही उन्हें पर्याप्त पानी पिलाया जा रहा है, जिससे पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। आंधी के कारण बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बिजली के पोल और तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि, बिजली विभाग इस संकट से निपटने के लिए पूरी तत्परता के साथ काम में जुटा हुआ है। विभाग के कर्मचारी और तकनीकी टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में डटे हुए हैं और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
इस संबंध में विद्युत कनीय अभियंता रोशन कुमार ने बताया कि विभाग की पूरी टीम तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि अंधेरा होने से पहले मुख्य लाइनों को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाए, ताकि पानी की समस्या को भी जल्द दूर किया जा सके। प्रशासन और बिजली विभाग ने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पूरा राजपुर इलाका बिजली बहाल होने और सामान्य स्थिति लौटने का इंतजार कर रहा है।





