तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर की मौत, घर का इकलौता चिराग बुझा
हरपुर पुल के समीप नहर पथ पर हुआ दर्दनाक हादसा, वाराणसी ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम; बाइक चालक फरार

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर-दुल्फा मुख्य नहर पथ पर हरपुर पुल के समीप रविवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत झुखुरियापुर गांव निवासी हीरालाल सिंह के पुत्र हिमांशु कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हिमांशु अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मौसी के घर आया था किशोर, सुबह शौच के लिए निकला था
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, हिमांशु कुमार सिंह बक्सर जिले के हरपुर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव के घर अपनी मौसी के यहां आया हुआ था। रविवार को वह अपने कुछ परिजनों के साथ साईं बाबा के दर्शन के लिए शिरडी जाने वाला था। इसी बीच सुबह वह शौच के लिए घर से नहर की तरफ निकला था और सड़क किनारे टहलते हुए जा रहा था।
तेज रफ्तार बाइक ने मारी जोरदार टक्कर
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु सड़क पर गिरकर बेसुध हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
वाराणसी ले जाने के दौरान रास्ते में मौत
परिजन हिमांशु को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी लेकर जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उधर, हादसे के बाद बाइक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, हिमांशु अपने घर का इकलौता बेटा था। कम उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।




