मुलायम हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, दो गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद
सम्हार-महरौरा मार्ग पर दिनदहाड़े हुई थी हत्या, पुलिस के अनुसार महिला से अभद्र व्यवहार बना विवाद की वजह; जमीन विवाद के आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं

न्यूज़ विज़न। बक्सर
डुमरांव थाना क्षेत्र के सम्हार-महरौरा मार्ग पर दिनदहाड़े हुई 30 वर्षीय मुलायम सिंह यादव की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार दोनों आरोपित मृतक के गांव सम्हार के ही रहने वाले हैं।
मंगलवार को डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर हत्याकांड के उद्भेदन की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनम कुमार उर्फ मलु, पिता धर्मेंद्र यादव तथा प्रतीक यादव उर्फ पिंटू, पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, दोनों निवासी सम्हार गांव के रूप में हुई है। प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि कथित अभद्र व्यवहार के बाद विवाद किस तरह बढ़ा और फिर हत्या की साजिश को किस प्रकार अंजाम दिया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।
वहीं, मृतक के पिता उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव ने हत्या के पीछे पैतृक संपत्ति की करीब पौने दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद को वजह बताया था। उनका आरोप था कि जमीन विवाद पहले भी थाने तक पहुंचा था। हालांकि, प्रभारी एसडीपीओ के अनुसार एफआईआर में लगाए गए जमीन विवाद से संबंधित आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। तकनीकी जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। हत्या में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी को पुलिस जांच में अहम उपलब्धि मान रही है।
प्रभारी एसडीपीओ ने कहा कि एफआईआर में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का साक्ष्यों के आधार पर खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का शव सम्हार-महरौरा मार्ग पर सरकारी बोरिंग के पास सुबह करीब 10 बजे मिला था। वह घर से डुमरांव जाने के लिए निकला था। दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब दो गिरफ्तारियों और पिस्टल की बरामदगी के बाद मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है।




