OTHERS

मोहम्मद हलीम के जन्मदिन पर रक्तदान महादान शिविर, 13 युवाओं ने किया रक्तदान

बक्सर में “Beautiful Life Only on Donating Blood” संस्था की पहल, युवाओं को रक्तदान के लिए किया गया जागरूक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर में समाजसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया, जहां “ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर” संस्था द्वारा 22 अप्रैल को मोहम्मद हलीम के जन्मदिन के अवसर पर महादान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 11 बजे से माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर, बक्सर में आयोजित हुआ।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा नेता सुमित मानसिंहका एवं संस्था के सक्रिय सदस्य रविशंकर शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर कुल 13 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वालों में मोहम्मद हलीम, सादाब आलम, अहमद अंसारी, साबिर अंसारी, संजय पटवा, विजय कुमार, गौतम कुमार, सोनू चौधरी, मुस्तकीन, अखिलेश प्रसाद, प्रभात लाल, अनूप कुशवाहा एवं मुकेश कुमार शामिल रहे। इस मौके पर सुमित मानसिंहका ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है और शरीर में आयरन संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से पहले और बाद में होने वाली जांच—जैसे रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन और संक्रमण जांच (एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी, सिफिलिस)—पूरी तरह निःशुल्क होती हैं, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य की स्थिति को भी स्पष्ट करती हैं।

 

संस्था के सदस्य आदिल खान ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन रेखा साबित हो सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि यह इस माह का पहला कैंप है और राष्ट्रीय रक्तदान अभियान के समर्थन में अगला शिविर 29 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवा-युवतियां 8804433322 पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं नसीम नायक ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था हर माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रही है। “शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा” के तहत हर शुभ अवसर पर रक्तदान की परंपरा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ब्लड बैंक में खून की कमी को पूरा किया जा सके। इस शिविर में माँ तपेश्वरी देवी ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा। रक्तदाताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रविव, प्रभा रंजन, नसीम नायक, रविरंजन पांडेय, कुमार गौरव, सुमेघा कुमारी, निशा कुमारी, प्रियेश सहित ब्लड बैंक के संतोष कुमार और मोहम्मद समशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button