पुराना भोजपुर फोरलेन ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौत
दशहरा मेला घूमने ननिहाल आया था युवक, सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा; इलाज के दौरान बक्सर सदर अस्पताल में तोड़ा दम

न्यूज़ विज़न। बक्सर
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर फोरलेन ओवरब्रिज के समीप गुरुवार की देर रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। महावीर ढाबा के सामने सड़क पार करने के दौरान एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए डुमराँव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान बीपी कुमार (22 वर्ष), पिता उमेश बिंद, निवासी कन्हौर गांव, थाना मुहम्मदाबाद, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीपी कुमार दशहरा का मेला घूमने के लिए अपने ननिहाल पुराना भोजपुर गांव आया था। उसका अपने ननिहाल से काफी लगाव था और वह अक्सर यहां आता-जाता था तथा अपना काफी समय ननिहाल में ही बिताता था।
सड़क पार करने के दौरान स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात बीपी कुमार पुराना भोजपुर फोरलेन ओवरब्रिज के पास महावीर ढाबा के सामने सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में नया भोजपुर थानाध्यक्ष चन्दन कुमार ने बताया कि रात करीब 9 बजे सड़क हादसे की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल डुमराँव पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य माध्यमों से दुर्घटना की जानकारी जुटा रही है।
दशहरा के मौके पर ननिहाल आए युवक की सड़क हादसे में हुई मौत से परिजनों और ननिहाल पक्ष के लोगों में मातम पसरा हुआ है। एक ओर जहां क्षेत्र में पर्व का माहौल था, वहीं हादसे की खबर ने परिवार और परिचितों को झकझोर कर रख दिया।




