ACCIDENT

बक्सर-धनसोई मुख्य मार्ग पर सड़क हादसा, शिक्षक की मौके पर मौत

चिरैयाटांड़ के समीप अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार शिक्षक को मारी टक्कर, उधोपुर प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित थे वीरेंद्र कुमार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर-धनसोई मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की अहले सुबह चिरैयाटांड़ के समीप हुए सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (लगभग 45 वर्ष), पिता काशीनाथ सिंह, के रूप में हुई है। वे धनसोई थाना क्षेत्र के दुल्फा पंचायत अंतर्गत ऊधोपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

धनसोई थानाध्यक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार मूल रूप से राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में वे बक्सर में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। वे प्रतिदिन बक्सर से स्कूटी के माध्यम से ऊधोपुर स्थित अपने विद्यालय में ड्यूटी के लिए आते-जाते थे। बताया गया कि शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे धनसोई थाना पुलिस को सूचना मिली कि चिरैयाटांड़ के समीप सड़क पर एक व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मौके से मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक की पहचान करने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार अपनी स्कूटी से विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से भी वाहन की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जाता है कि वीरेंद्र कुमार की पत्नी मंजू देवी भी सिमरी प्रखंड क्षेत्र शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षक की अचानक सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शिक्षक की मौत की खबर से उनके विद्यालय एवं परिचितों के बीच भी शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है। जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार वाहन की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

न्यूज विज़न : सही खबर, सकारात्मक सोच, सशक्त समाज, जनता की आवाज।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button