एमपी हाई स्कूल में पृथ्वी दिवस पर NCC कैडेट्स का जागरूकता अभियान, “Our Power, Our Planet” थीम पर जोर
प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर। बुधवार, 22 अप्रैल को एमपी हाई स्कूल, बक्सर में पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार के मार्गदर्शन में NCC कैडेट्स द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम “Our Power, Our Planet” रखी गई, जिसके तहत नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और स्वच्छ बिजली उत्पादन को वर्ष 2030 तक तीन गुना करने के लक्ष्य पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में कैडेट्स ने जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता के लगातार हो रहे नुकसान को लेकर चिंता व्यक्त की और इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों और संदेशों के माध्यम से यह बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने लोगों से ऊर्जा की बचत करने, पेड़-पौधे लगाने और प्रदूषण कम करने के उपाय अपनाने की अपील की।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 1970 से हर साल 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित करना है। इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक अनूप कुमार, रजनीश पाठक, विनोद चौबे, रामेंद्र पांडेय, संदीप कुमार, अंजू, अनु कुमारी, अनीता कुमारी, नीता कुमारी, अशोक कुमार, मृदुला सिंह, रूबी कुमारी, तमन्ना प्रवीन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





