शहीद इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम के घर पहुंचे जनसुराज नेता, बजरंगी मिश्रा ने दी श्रद्धांजलि
कहा- देश के लिए शहादत सर्वोच्च बलिदान, जवानों की बदौलत सुरक्षित हैं हम सब


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के केसठ निवासी शहीद सीआरपीएफ इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम के परिवार से मिलने गुरुवार को जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा शहीद इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि देश के लिए शहीद होना अत्यंत दुखद क्षण होता है, लेकिन इससे बड़ा देशभक्ति का उदाहरण कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हमारे देश के जवान दिन-रात सीमा और देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, तभी देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। ऐसे वीर सपूतों का बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
उन्होंने शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरे समाज और देश को मोहम्मद असलम की वीरता पर गर्व है। जनसुराज पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में धनंजय पासवान, आशा देवी, अजीत सम्राट, नजीर खान, विजय पाठक, विष्णु देव तिवारी, धनंजय आर्य, अरुण मिश्रा सहित जनसुराज पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





