RELIGION

महदह से निकली भव्य जलभरी यात्रा, गूंजे “जय माता दी” और “राधे-राधे” के जयकारे

लक्ष्मी नारायण महायज्ञ व राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा को लेकर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ी, रामरेखा घाट पर वैदिक मंत्रों के साथ गंगा पूजन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के इटाढ़ी पुलिस लाइन के समीप स्थित कालरात्रि नव दुर्गा धाम, महदह में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर से भव्य जलभरी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।

 

यह विशाल यात्रा महदह से प्रारंभ होकर बक्सर रेलवे स्टेशन और अंबेडकर चौक होते हुए पवित्र रामरेखा घाट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन किया और “हर-हर गंगे” व “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों के बीच जल भरकर पुनः मंदिर के लिए प्रस्थान किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ झूमते नजर आए। “राधे-राधे” और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। इस दौरान सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियां यात्रा का हिस्सा बनीं, जबकि ऊंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ती रही।

 

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति पूरी तरह मुस्तैद रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शिविर लगाए गए, जहां पेयजल और प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर एवं आसपास का क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक धार्मिक सजावट से सजा हुआ था, जो श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा था। मंदिर के महंत श्री द्वारिका जी महाराज ने जानकारी दी कि इस महायज्ञ के दौरान गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी द्वारा भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। वहीं आयोजन समिति के सदस्य अमित सैनी ने बताया कि आगामी दिनों में भजन-कीर्तन, प्रवचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पूरे आयोजन ने बक्सर में भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button