LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर जनसुराज का हमला, बजरंगी मिश्रा बोले- ‘आम जनता की थाली पर डाका’
29 रुपये महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, महंगाई के खिलाफ सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि कर मोदी सरकार ने आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका दिया है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला सीधे तौर पर गरीब, मध्यम वर्ग और आम परिवारों की रसोई पर असर डालने वाला है। सरकार लगातार आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ाकर आम लोगों की आर्थिक परेशानियों को बढ़ा रही है। बजरंगी मिश्रा ने कहा कि इससे पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की जा चुकी है। इसका सीधा असर होटल, ढाबा, मिठाई की दुकान, चाय की दुकान और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब व्यवसायियों की लागत बढ़ेगी तो समोसा, चाय, मिठाई और भोजन जैसी दैनिक उपयोग की चीजें भी महंगी होंगी, जिसका अंतिम बोझ आम ग्राहकों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के नाम पर सरकार ने गरीबों को राहत देने का दावा किया था, लेकिन अब लगातार गैस सिलेंडर महंगा कर गरीब परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया गया है। उनके अनुसार सरकार की नीतियां आम जनता की बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों के हित में काम कर रही हैं।
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी से हवाई यात्रा महंगी होती है, वहीं एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से ठेला लगाने वाले, छोटे दुकानदार, होटल संचालक और आम गृहिणियां सभी प्रभावित होते हैं। उन्होंने इसे जनविरोधी फैसला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लेती है तो जनसुराज पार्टी बिहार से लेकर दिल्ली तक चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता “चूल्हा-चौका आंदोलन” के माध्यम से जनता की आवाज बुलंद करेंगे और महंगाई के खिलाफ सड़क पर संघर्ष करेंगे। जनसुराज पार्टी ने केंद्र सरकार से घरेलू एवं कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को राहत देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।





