CRIME

चाकू की नोक पर लूट का डुमरांव पुलिस ने किया खुलासा, एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोचा, लूटा गया मोबाइल बरामद

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपियों ने पूछताछ में कबूला अपराध

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
डुमरांव अनुमंडल पुलिस ने चाकू की नोक पर हुई लूट की एक वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने किया।

 

एसडीपीओ ने बताया कि 28 जनवरी 2026 को सोनवर्षा थाना क्षेत्र के गिरधर बरांव निवासी राहुल कुमार, पिता राजू ठाकुर, ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि 27 जनवरी की शाम लगभग 6:30 बजे गिरधर बरांव बाजार से घर लौटने के दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर उनका मोबाइल फोन और नकद राशि छीन ली थी। पीड़ित के आवेदन के आधार पर सोनवर्षा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। कांड के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए डुमरांव डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली। जांच के दौरान पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

 

 

पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने बताया कि सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार, पिता अशोक सिंह, निवासी गिरधर बरांव, थाना सोनवर्षा, जिला बक्सर, विनय प्रकाश सिंह, पिता शिवाजी सिंह, निवासी अगियांव बाजार, जिला भोजपुर, मिथुन कुमार, पिता बैजनाथ सिंह, निवासी गिरधर बरांव, थाना सोनवर्षा, जिला बक्सर के अलावा एक नाबालिग शामिल रहा।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने किया। छापेमारी और गिरफ्तारी टीम में पुलिस निरीक्षक डुमरांव अंचल अरविंद कुमार, सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार, पुलिस पदाधिकारी रंजीत कुमार तथा सोनवर्षा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button