आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, महिला समेत दो की हालत गंभीर
राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली गांव में दर्दनाक हादसा, खेत के बधार में गिरी बिजली की चपेट में आए तीन लोग; प्रशासन से मुआवजे की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवढ़िया पंचायत के जमौली गांव में शनिवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक बदले मौसम के बीच खेत के बधार में पेड़ के नीचे बारिश से बच रहे 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतक की पहचान जमौली गांव निवासी सत्येंद्र चौहान के 13 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में 25 वर्षीय योगेश कुमार और 55 वर्षीय शैल कुंवर शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए खेत के पास खेल रहा आशीष कुमार तथा वहीं भैंस चरा रहे योगेश कुमार और शैल कुंवर पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीनों आ गए।
बिजली गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। तीनों को गंभीर हालत में तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. रश्मि रानी ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि योगेश कुमार और शैल कुंवर का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह अस्पताल और पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। 13 वर्षीय किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे जमौली गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने भी इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता करने की अपील की है।





