जन सुराज ने एनडीए सरकार पर बोला हमला-6 महीने में युवाओं, महिलाओं और मजदूरों को दिया धोखा
जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा की एनडीए सरकार में अपराधिक घटनाओं का बढ़ा ग्राफ


न्यूज विजन। बक्सर
जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि बिहार की नव निर्वाचित सरकार के कार्यकाल के छह महीने पूरे हो गए। सरकार अपने वादे पर खरा नहीं उतरी। उन्होंने सरकार पर युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। कहा कि एनडीए सरकार ने चुनाव के समय जनता से किए गए बड़े-बड़े वादे आज जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसका मतलब था कि प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। सरकार बनने के 6 महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थी, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है।
जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में हत्या, दुष्कर्म और आपराधिक घटनाओं का ग्राफ बढ़ गया है। बिहार में केवल 25% मजदूरों को राज्य में काम मिल पा रहा है, जबकि 71% मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी जन आंदोलन करेगी। डीटीओ कार्यालय शराब कांड पर यहां के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर जमकर भड़ास निकाली। कहा कि सदर विधायक इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि वो सरकार में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा प्रशासन और प्रतिनिधि इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय लिपापोती में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सदर विधायक तो फोन तक नहीं उठाते। जनता कैसे फरियाद करेगी। संगठन जिला युवा अध्यक्ष अजीत सम्राट ने राज्य में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बेहद खराब है।
नीट छात्रा हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए महिला जिला अध्यक्ष आशा देवी ने कहा कि मामले में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना बिहार सरकार की बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर बिहारभर में संगठन और जनसंवाद को और मजबूत करेंगे।
वीडियो देखें :





