चौसा विद्युत संयंत्र पहुंचे ऊर्जा सचिव अजय यादव, 660 मेगावाट यूनिट की बाधाओं पर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा
एसजेवीएन प्लांट का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, पौधारोपण कार्यक्रम में भी लिया हिस्सा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के चौसा स्थित एसजेवीएन ताप विद्युत परियोजना में मंगलवार को बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कम्पनी लिमिटेड, पटना अजय यादव ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा विद्युत उत्पादन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी ली।
भ्रमण की शुरुआत ऊर्जा सचिव द्वारा एसजेवीएन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने प्लांट का निरीक्षण करते हुए निर्माण एवं संचालन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से 660 मेगावाट क्षमता वाले द्वितीय यूनिट को चालू करने में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसजेवीएन के अधिकारियों ने यूनिट संचालन में उत्पन्न चुनौतियों से ऊर्जा सचिव को अवगत कराया। इस पर ऊर्जा सचिव अजय यादव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान की बात कही, ताकि परियोजना का कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके और विद्युत उत्पादन शीघ्र प्रारंभ हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने तथा परियोजना से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक के दौरान प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी बक्सर, अपर समाहर्त्ता बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, एसजेवीएन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी ऊर्जा सचिव को दी। चौसा विद्युत परियोजना बिहार के ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। ऐसे में ऊर्जा सचिव के इस दौरे को परियोजना की प्रगति और आगामी संचालन प्रक्रिया के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





