OTHERS

ग्लोबल विजडम स्कूल में चार दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन

खेल, कला, विज्ञान और मनोरंजन से बच्चों में बढ़ा आत्मविश्वास व रचनात्मकता

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर के इटाढ़ी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप संचालित ग्लोबल विजडम स्कूल में चार दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस समर कैंप में पीजी से लेकर कक्षा दो तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

 

समर कैंप के प्रथम दिवस पर बच्चों के लिए घुड़सवारी, कविता पाठ, बिना आग के खाना बनाना, चित्रकला एवं हस्तशिल्प गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही बच्चों को लैब एक्टिविटी के माध्यम से विज्ञान के प्रति भी जागरूक किया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का सुंदर प्रदर्शन किया। दूसरे दिन पीटी, लूडो, कैरम, पौधारोपण, कहानी वाचन, शतरंज एवं बैडमिंटन जैसी गतिविधियों का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, खेल भावना, पर्यावरण संरक्षण तथा मानसिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम में बच्चों ने प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया। तीसरे दिन का आकर्षण स्विमिंग पूल पार्टी रही, जहां बच्चों ने जमकर आनंद लिया। इसके साथ ही खेलकूद, नृत्य एवं संगीत कार्यक्रमों ने बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया। बच्चों की सहभागिता और उत्साह पूरे शिविर के दौरान देखने लायक रहा।

 

समर कैंप के चौथे एवं अंतिम दिन फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, मूवी शो तथा फूड पार्टी का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों ने विभिन्न पात्रों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। फूड पार्टी और मनोरंजक गतिविधियों के साथ समर कैंप का समापन हर्षोल्लास के माहौल में हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान बच्चों को ऊर्जावान एवं प्रेरित करने के लिए विद्यालय के निर्देशक प्रकाश पाण्डेय भी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय तथा सभी शिक्षकों के सहयोग और मेहनत से यह चार दिवसीय समर कैंप सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button