OTHERS

बाल श्रम के विरुद्ध डुमरांव-राजपुर में छापेमारी, 4 बाल श्रमिक मुक्त, दोषी नियोजकों पर होगी एफआईआर

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की संयुक्त कार्रवाई, मुक्त बच्चों को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया, पुनर्वास की प्रक्रिया भी होगी शुरू

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा जिला पदाधिकारी बक्सर के निर्देश पर बुधवार को विशेष धावादल ने डुमरांव और राजपुर प्रखंड में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर कुल चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।

 

इस अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी केसठ, चक्की, चौगाई, राजपुर, चौसा एवं इटाढ़ी की टीम शामिल रही। कार्रवाई को सफल बनाने के लिए डुमरांव एवं धनसोई थाना की पुलिस के साथ-साथ स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्यों ने भी सहयोग किया। छापेमारी के दौरान बाल श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त कर जिला बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उनकी सुरक्षा, देखभाल और आगे की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले दोषी नियोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बक्सर जिले में बाल श्रम के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचित करें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button