OTHERS

डॉक्टर्स डे पर ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल की अनूठी पहल, विद्यार्थियों ने अस्पतालों में जाना आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का संसार

माँ मुंडेश्वरी अस्पताल में स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी, शिवरात्रि नर्सिंग होम में मेडिकल टेक्नोलॉजी का लाइव प्रदर्शन; चिकित्सकों का सम्मान कर छात्रों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctor’s Day) के अवसर पर सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल द्वारा विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं मेडिकल टेक्नोलॉजी से जुड़ा विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। दो चरणों में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को स्वास्थ्य, चिकित्सा विज्ञान और आधुनिक मेडिकल तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था। इस दौरान विद्यालय की ओर से शहर के दो प्रमुख अस्पतालों में स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी, चिकित्सकों का सम्मान तथा शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम के प्रथम चरण में कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों के लिए बक्सर स्थित माँ मुंडेश्वरी अस्पताल में स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विद्यालय के उप प्रबंधक धर्मेन्द्र पाण्डेय ने मेजर डॉ. पी. के. पाण्डेय को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बक्सर में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और जनसेवा के क्षेत्र में चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मेजर डॉ. पी. के. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने संतुलित दिनचर्या, पौष्टिक एवं संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले हार्मोनल परिवर्तन, मानसिक स्वास्थ्य तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से समय का सदुपयोग करने और अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के उप प्रधानाचार्य राहुल जायसवाल ने किया।

 

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों का शिवरात्रि नर्सिंग होम का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिका पाण्डेय ने अस्पताल के प्रबंधक डॉ. आशुतोष सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए डॉ. आशुतोष सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। भ्रमण के दौरान डॉ. आशुतोष सिंह ने विद्यार्थियों को अस्पताल में प्रयुक्त आधुनिक मेडिकल उपकरणों, डायग्नोस्टिक मशीनों, मॉनिटरिंग सिस्टम, प्रयोगशाला में उपयोग होने वाली तकनीकों तथा अन्य चिकित्सा संसाधनों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया। उन्होंने प्रत्येक उपकरण की कार्यप्रणाली, चिकित्सा के क्षेत्र में उसकी उपयोगिता और आधुनिक तकनीक के महत्व को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सभी उपकरणों का अवलोकन किया तथा चिकित्सा विज्ञान से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अंग्रेज़ी शिक्षिका सुश्री जेसिका विल्सन ने किया।

विद्यालय परिवार ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण और जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा समाज सेवा की भावना का विकास होता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक श्री भूपेन्द्र पाण्डेय, सुश्री अग्रता सिंह, श्रीमती सुष्मिता ओझा, श्रीमती स्नेहा दुबे एवं श्री शुभम कुमार उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में विद्यालय परिवार ने माँ मुंडेश्वरी अस्पताल एवं शिवरात्रि नर्सिंग होम के चिकित्सकों तथा समस्त चिकित्सा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा कार्यों की सराहना की और राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button